हापुड़ जिले के एक गांव में घर में जमीन पर सो रही महिला और उसके दो बच्चों की सांप के काटने से मौत हो गई।

                                                                        (अमन न्यूज़) 

 उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। बहादुरगढ़ थाना इलाके में एक महिला और उसके दो बच्चों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। गांव में एक साथ तीन मौत से कोहराम मचा हुआ है। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से बात कर मदद का आश्वासन दिया है।


जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ थाना इलाके के गांव सदरपुर में रहने वाला रिंकू सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। 


बताया गया है कि रिंकू सिंह के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पूनम, बेटी और बेटा रविवार की रात घर पर जमीन पर बिस्तर लगा कर सो रहे थे। देर रात घर में सांप ने कनिष्क के हाथ, साक्षी की पिंडली और पूनम के हाथ की अंगुली में काट लिया।



रिंकू दूसरे कमरे में सो रहा था, देर रात करीब तीन बजे उसकी आंख खुली। वह बाहर आया तो पत्नी और बच्चों के मुंह से झाग निकलते देख उसके होश उड़ गए। पड़ोसियों की मदद से उसने तीनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने दोनों बच्चों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया।



डॉक्टर द्वारा बच्चों को मृत घोषित करने के बाद भी परिजन मानने के लिए तैयार नहीं हुए, रिंकू और उनके परिजन बच्चों को बुलंदशहर जिले के स्याना क्षेत्र में झांड-फूंक करने वालों के पास भी ले गए, लेकिन वहां भी कोई फायदा नहीं हो सका। वहां से भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
 


इस दौरान पूनम का उपचार स्थानीय अस्पताल में चलता रहा। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन दोपहर को पूनम की भी मौत हो गई।

 
सर्प दंश से महिला और दो बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों में भी शोक की लहर है। शोक में मोहल्ले के घरों में भी सोमवार को चूल्हे नहीं जले।

 
सूचना मिलते ही एसडीएम साक्षी शर्मा, तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।


सर्प दंश से एक ही परिवार में तीन लोगों की असमय मौत बेहद दुखद मामला है। घटना के संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद दिलाई जाएगी।

Comments