एटीएस सोसायटी में दोस्त से मिलने से आई छात्रा का खून से लथपथ मिला शव

(अमन न्यूज़ ) इंदिरापुरम। नीतिखंड की एटीएस सोसायटी में शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे संतोष मेडिकल काॅलेज में बीडीएस की छात्रा आस्था शर्मा (30) का खून से लथपथ शव फव्वारे में पड़ा मिला। उसकी शिनाख्त छह घंटे में हो सकी। सीसीटीवी फुटेज में वह टाॅवर नंबर -22 की 23वीं मंजिल से गिरती नजर आ रही है। इसके आधार पर पुलिस ने मामला आत्महत्या का बताया है।पुलिस का कहना है कि वह शुक्रवार को टाॅवर नंबर छह में रहने वाले दोस्त रोहित खन्ना से मिलने के लिए आई थी। शाम छह बजे मुलाकात के बाद सोसायटी से चली गई लेकिन तीन मिनट बाद ही वापस आई। इस बार टाॅवर नंबर 11 में पहुंची और फिर छलांग लगाकर जान दे दी। छज्जे पर उसकी चप्पल भी मिली है।


पुलिस ने बताया कि दिल्ली की विकासपुरी मंडी निवासी कार शो रूम के मालिक अजय शर्मा की बेटी आस्था और मुंबई में फिल्म एक्टिंग का कोर्स कर रहे रोहित खन्ना में एक साल से दोस्ती थी। पिछले कई महीनों से आस्था अक्सर रोहित से मिलने आती थी। लेकिन, दो महीने पहले दोनों की दोस्ती टूट गई थी। इसके बाद भी आस्था कभी-कभार मिलने के लिए आती रही। वह अवसाद में थी। उसका उपचार भी चल रहा था।
शुक्रवार को वह पहले सुबह नौ बजे आई और दोपहर तक रोहित के साथ रही। इसके बाद शक्तिखंड स्थित अपने फ्लैट पर चली गई। शाम को फिर से आई और छह बजे वापस आई। सोसायटी से निकलते ही फिर से वापस आई और रोहित के पास न जाकर दूसरे टावर पर गई। इसके बाद उसने छलांग लगाकर जान दे दी।



मां ने कहा, तनाव में थी बेटी
पुलिस ने आस्था की मां से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि बेटी काफी दिनों से तनाव में थी। उसका उपचार भी चल रहा था। बेटी की मौत की खबर से वह सदमे में आ गई। थोड़ी देर बाद ही परिजन इंदिरापुरम कोतवाली पहुंच गए।



लिफ्ट में जाती नजर आई : एसीपी
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि आस्था का रोहित खन्ना के पास आना जाना था। सीसीटीवी में भी वह लिफ्ट से ऊपर जाती दिखी है। छज्जे पर उसकी चप्पल बरामद हुई। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।

Comments