विधायकों के साथ धरने पर बैठे अखिलेश यादव, पुलिस ने मार्च रोका |




 (अमन न्यूज़) यूपी विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। 23 सितंबर तक चलने वाले 18वीं विधानसभा के दूसरे सत्र को शांतिपूर्ण तरीके से चलाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें महाना ने सभी दलों से सदन को सुचारु रुप से चलाने में मदद का अनुरोध किया, लेकिन विपक्ष ने महंगाई कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार घेरने का एलान किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी विधायकों कार्यकर्ताओं के साथ सपा कार्यालय से विधानभवन की तरफ पैदल मार्च कर रहे हैं। मार्च के दौरान रूट बदलने को लेकर सपा कार्यकर्ताओ ने नाराजगी जताते हुए पहले से तय किये रूट पर जाने की मांग की हैं।प्रशासन का कहना है कि जीपीओ के बजाय वीवीआइपी गेस्ट हाउस और एनेक्सी होते हुए विधानसभा जाएं। इस पर अखिलेश यादव सपा विधायक सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।पदयात्रा को लेकर विक्रमादित्य मार्ग को छावनी बना दिया गया है। वीवीआईपी चौराहा से लेकर सपा कार्यालय तक बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में फोर्स लगा दी गई है। इस रास्ते पर आम लोगों का आना जाना भी बंद कर दिया गया है।     

Comments