बच्चों के झगड़े में गई बड़े की जान, पड़ोसी की पीट-पीटकर हत्या

  बच्चों के झगड़े में गई बड़े की जान, पड़ोसी की पीट-पीटकर हत्या


(अमन न्यूज़ )

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बच्चों के झगड़े में पड़ोसियों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। युवक की शिनाख्त विनोद कुमार (34) के रूप में हुई है। वह एमसीडी में सफाई कर्मचारी था। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी संजय (42) को गिरफ्तार कर लिया है।

जबकि उसका भाई राजू फरार है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव फतेहा, बागपत निवासी विनोद परिवार के साथ गली नंबर-1, खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी में रहता था। उसके परिवार में पिता महेश, मां कमलेश, भाई जितेंद्र, प्रमोद के अलावा पत्नी पूजा और दो बच्चे ऋषि और बेटी अंशिका हैं। विनोद एमसीडी में सफाई कर्मचारी था। भाई जितेंद्र ने बताया कि विनोद के पड़ोस में संजय और राजू अपने-अपने परिवारों के साथ रहते हैं। दोनों आपस में भाई हैं।

शनिवार रात करीब 8:15 बजे विनोद के बच्चे संजय और राजू के बच्चों के साथ गली में खेल रहे थे। बच्चों में तू-तू मैं-मैं हो गई। उसी समय विनोद खाना खाकर घर के बाहर टहल रहा था। विनोद ने बच्चों को डांटकर शोर नहीं मचाने के लिए कहा। आरोप है कि शोर सुनकर संजय और राजू बाहर आ गए। उन्होंने बच्चों से पूछताछ की तो बच्चों ने विनोद के डांटने की बात बताई।

इसी पर दोनों विनोद से बहस करने लगे। कहासुनी के दौरान दोनों ने विनोद को पिटाई कर दी। संजय और राजू के परिजनों ने पिटाई में साथ दिया। आरोप है कि राजू और संजय ने पिटाई के दौरान विनोद के सीने पर ईंट मार दी। हमले में विनोद अचेत हो गया। फौरन परिजन उसे नजदीकी एलबीएस अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने विनोद का शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने विनोद के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लिया। पुलिस विनोद और संजय के परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।




Comments