सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट और दिल्ली : नतीजों में सुधार, अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई है राजधानी
( अमन न्यूज़ )
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) के दिल्ली रीजन के परिणामों में राजधानी में पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर स्थिति हुई है। यहां का कुल परिणाम 99.96 रहा जो बीते वर्ष के मुकाबले 2.04 फीसदी अधिक है। पिछले वर्ष कुल 97.92 फीसदी छात्रों ने परीक्षा पास की थी। इस कड़ी में दिल्ली ने देशभर में तीसरे पायदान पर जगह बनाई है, जबकि पिछले वर्ष दिल्ली का चौथा स्थान था। पिछले चार सालों के भीतर दिल्ली में अपने परिणामों में 9.32 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
इस बार दिल्ली ईस्ट और दिल्ली वेस्ट का परिणाम 99.84 फीसदी रहा है। पिछली बार दिल्ली को वेस्ट और ईस्ट दो भागों में विभाजित कर अलग-अलग परिणाम जारी किया गया था। दिल्ली वेस्ट का परिणाम 94.61 फीसदी व दिल्ली ईस्ट का 94.24 फीसदी रहा था। इसमें दिल्ली ईस्ट में सरकारी स्कूलों का कुल पास फीसदी 97.68 रहा था। वहीं, दिल्ली वेस्ट में सरकारी स्कूलों का कुल परिणाम 97. 91 फीसदी रहा था। इस बार दिल्ली में 909 स्कूलों का परिणाम जारी किया गया है। वहीं, अन्य कारणों की वजह से 13 स्कूलों के परिणाम जारी नहीं हुए हैं। इसे लेकर सीबीएसई ने पांच अगस्त तक स्कूलों के परिणाम जारी करने की घोषणा की है
दिल्ली के बेहतर परिणाम को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर दिल्ली को बधाई दी है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया कि दिल्ली में इस बार 99.96 फीसदी पास प्रतिशत रहा है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 97.92 फीसदी था। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि दिल्ली में पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 875 स्कूलों का 100 फीसदी परिणाम रहा है, जबकि पिछले वर्ष यह 396 था। पिछले वर्ष 442 छात्रों के मुकाबले इस बार 885 छात्रों ने 95 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
ॉउपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बेहतर परिणाम के लिए बधाई दी है। वहीं, शिक्षा निदेशक उदित प्रकाश ने भी दिल्ली के 875 स्कूलों के 99.96 फीसदी परिणामों को लेकर बधाई दी है। उन्होंने इसे छात्रों व स्कूलों के लिए गर्व करने का एक और कारण बताया है।
Comments