दिल्ली के तापमान में मामूली बढ़ोतरी, हल्की बारिश की संभावना

दिल्ली के तापमान में मामूली बढ़ोतरी, हल्की बारिश की संभावना


( अमन न्यूज़ )

राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद शनिवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सुबह के समय सापेक्षिक उमस 93 प्रतिशत के उच्च स्तर पर दर्ज की गई थी। वहीं, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आईएमडी के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक औसतन 43.6 मिमी बारिश हुई। दोपहर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बता दें कि दिल्ली में बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा और आज भी राहत बनी रहने का अनुमान है। बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया है और लोग गर्मी भूल गए हैं। दिल्ली में शुक्रवार को भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस कारण से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हुई।

मौसम विभाग के अनुसार अभी दो से तीन दिन लगभग ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। दिल्ली में बीते मंगलवार से बारिश का दौर शुरू हुआ है। मौसम विभाग ने चार अगस्त तक बारिश व आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है



Comments