दुष्कर्म के नाम पर चल रहा था वसूली का खेल, 50 लाख मांगे थे, महिला एसआई सस्पेंड

 दुष्कर्म के नाम पर चल रहा था वसूली का खेल, 50 लाख मांगे थे, महिला एसआई सस्पेंड


(अमन न्यूज़ )

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के महेंद्रा पार्क इलाके में दुष्कर्म का आरोप लगाकर वसूली के खेल का खुलासा हुआ है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने महेंद्रा पार्क थाने की एसआई रचना को सस्पेंड कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। दरअसल इलाके की महिला ने एक डॉक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। थाने में मामला सेटल करने के नाम पर डॉक्टर से 50 लाख की डिमांड की गई। बात 35 में तय होने के बाद दो लाख रुपये दे भी दिए गए। अगले दिन बाकी पेमेंट के समय डॉक्टर ने वसूली कांड की वीडियो बनाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि बजाए महिला के खिलाफ कार्रवाई करने के डॉक्टर के खिलाफ ही दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया। 

डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल किया तो पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। डॉक्टर की शिकायत दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के खिलाफ ब्लैकमेल कर वसूली का मामला दर्ज किया गया। मामले में पुलिस के मिलीभगत के भी आरोप लगे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला परिवार के साथ जहांगीरपुरी इलाके में रहती है। वहीं पीड़ित डॉक्टर शशिकांत प्रकाश विकासपुरी इलाके में रहते हैं। शशिकांत ने बताया कि 26 जुलाई को उनके घर तीन पुलिसकर्मी पहुंचे और उनको जांच के नाम पर महेंद्रा पार्क थाने ले आए। थाने पहुंचने पर पता चला कि एक लड़की ने उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शशिकांत के मुताबिक वह लड़की को नहीं जानते थे। 


थाने पहुंचने पर कुछ देर उनसे एसएचओ ने पूछताछ की। बाद में उनको आईओ एसआई रचन के पास भेजा दिया गया। रचना के पास पहले से आरोप लगाने वाली महिला व उसके साथी बैठे हुए थे। महिला एसआई ने कहा कि वह मामला निपटवा देगी। बातचीत के दौरान 50 लाख की डिमांड की गई। बातचीत के बाद मामला 35 लाख में सेटल हो गया। एसआई ने कहा कि यदि आपकी बातचीत हो जाती है तो उसको कोई दिक्कत नहीं है। पीड़ित शशिकांत ने आरोपी महिला के कहने पर एक जानकार के खाते में ऑन लाइन दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन पांच बजे 27 जुलाई को बाकी रकम देने की बात की गई। अगले दिन शशिकांत अपने जानकार वकील को लेकर थाने पहुंचे।


वहां उन्होंने रुपये न होने की बात की। इस दौरान महिला एसआई ने महिला से बातचीत करने की बात की। शशिकांत के साथ आए वकील ने पूरे लेन-देन की बात की वीडियो बना ली। उसमें एसआई की भूमिका भी संदिग्ध थी। आरोप है कि शशिकांत ने वीडियो के साथ मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व एसएचओ से की। ब्लैममेलिंग के आरोप भी लगाए। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। 


अगले दिन शशिकांत के खिलाफ दुष्कर्म, समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। शशिकांत को पता चला तो उन्होंने सीनियर अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसके साथ ही शशिकांत ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए। पुलिस अधिकारियों को इसका पता चला तो हड़कंप मच गया। फौरन मामले में जांच के आदेश देकर महिला के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज कर लिया गया। एसआई रचना की भूमिका को भी संदिग्ध मानकर पहले विभागीय जांच के आदेश दिए गए। बाद में बुधवार को उसे सस्पेंड कर दिया गया।


Comments