अमन न्यूज़ राजधानी में अब गर्मी ने दस्तक दे दी है। आलम यह है कि पिछले सप्ताह में दिल्ली के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है और अगले सप्ताह दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, लिहाजा लोगों को जल्द ही गर्मी के प्रकोप का सामना भी करना पड़ेगा।मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस बीच सुबह और शाम के बीच हल्की ठंडक रही, लेकिन लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। पिछले करीब दो सप्ताह में दिल्ली का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 32 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर के तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज होगी। मौसम विभाग की मानें तो जल्द ही रातों का तापमान भी बढ़ जाएगा और लोगों को जल्द ही पंखों और एसी की जरूरत पड़ेगी। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं। इसके बाद मंगलवार यानी 26 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री, 27 मार्च को 32 डिग्री, 28 मार्च को 34 डिग्री और 29 मार्च को 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि सोमवार को दिल्ली के आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी है। 25 मार्च से लेकर 30 मार्च तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15 और 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
Comments